पीएम मोदी और मार्क कार्नी की शिखर वार्ता आज, दोबारा पटरी पर लौटेंगे भारत-कनाडा से संबंध
प्रधानमंत्री मोदी और कनाडा के पीएम मार्क कार्नी के बीच शिखर वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने पर जोर दिया जाएगा। बैठक का उद्देश्य ऊर्जा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, परमाणु सहयोग और व्यापार जैसे क्षेत्रों में संस्थागत संवाद को पुनर्जीवित करना है।

दोनों पक्ष ऊर्जा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, परमाणु सहयोग और व्यापार जैसे क्षेत्रों में संस्थागत संवाद तंत्र को पुनर्जीवित करने की हामी भरेंगे, द्विपक्षीय कारोबार के नए लक्ष्य तय करेंगे और आतंकवाद को लेकर एक-दूसरे की चिंताओं को समझने की कोशिश करेंगे।
ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर बात
वैसे जनवरी, 2026 में गोवा में इंडिया इनर्जी वीक के दौरान भारत व कनाडा ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर फिर से बात की है। दोनों देशों के बीच सितंबर 2016 में ऊर्जा वार्ता की शुरुआत हुई थी, जिसे वर्ष 2018 में तत्कालीन पीएम जस्टिन ट्रूडो की भारत यात्रा के दौरान विस्तारित किया गया था। लेकिन, बाद में यह भी द्विपक्षीय संबंधों में तनाव की भेंट चढ़ गई।




