नोएडा सेक्टर-64 में फुटपाथ पर सोने वाले व्यक्ति की हत्या, आरोपी हिरासत में
नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-64 में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मृतक की पहचान राहुल (उम्र लगभग 35 वर्ष) पुत्र अज्ञात, निवासी अज्ञात के रूप में हुई है, जो फुटपाथ पर रहता और वहीं सोता था।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कराया जा रहा है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक राहुल का फुटपाथ पर रहने वाले ही एक अन्य व्यक्ति रविन्द्र (उम्र 30 वर्ष) पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड से 1500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी रविन्द्र ने राहुल के सिर पर पत्थर से वार किया और उसे नाले में धकेल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी रविन्द्र को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।




