‘बांग्लादेश की तरह भारतीय कपड़ों पर भी अमेरिका में लगेगा जीरो टैरिफ’, पीयूष गोयल का अहम बयान

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता के बीच भारतीय कपड़ा उद्योग के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिया है कि अंतिम व्यापार समझौते में भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को भी बांग्लादेश जैसी शून्य टैरिफ की सुविधा मिल सकती है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में जारी अंतरिम व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के बीच शर्तों को लेकर चर्चा जारी है। इससे पहले अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को 50% से घटाकर 18% कर दिया था, जिससे निर्यातक को राहत मिली थी।

लेकिन, इस बीच खबर आई कि अमेरिका ने बांग्लादेश को विशेष छूट दी है, जिससे वहां से अमेरिकी कपास से बने वस्त्रों के निर्यात पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। इसी वजह से भारतीय निर्यातकों में चिंता बढ़ गई थी।

क्या है बांग्लादेश को मिली सुविधा?
पीयूष गोयल ने साफ कहा कि जिस तरह बांग्लादेशको यह सुविधा दी गई है कि अगर वह अमेरिका से कच्चा माल खरीदकर कपड़ा तैयार करे और फिर उसे अमेरिका में निर्यात करे तो उस पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा, वैसे ही भारत को भी यह सुविधा मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि यह प्रावधान पिछले सप्ताह जारी अंतरिम समझौते के फ्रेमवर्क में शामिल नहीं है, लेकिन इसे अंतिम समझौते में जोड़ा जा सकता है। गोयल के अनुसार, अभी व्यापार समझौता अंतिम रूप में नहीं है और जब पूरी तरह तैयार हो जाएगा तब इसकी सभी शर्तें स्पष्ट हो जाएंगी।

Related Articles

Back to top button