सीएम भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में एलन मस्क की ‘स्टारलिंक’ और गुजरात सरकार के बीच हुआ करार
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में सुदृढ़ डिजिटल गवर्नेंस को अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी बताया है। उनके द्वारा दिए गए डिजिटल भारत के संकल्प को गुजरात के ग्रामीण सुदूरवर्ती स्थलों सहित राज्यव्यापी विस्तृत करने की दिशा में गुजरात सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सोमवार को इस उद्देश्य से एलन मस्क की स्पेस एक्स की सब्सिडियरी स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ आपसी सहयोग के आशय पत्र (एलओआई) का विनिमय किया।
इस एलओआई के परिणामस्वरूप राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी मिशन तथा रणनीतिक पहलों से सुदूरवर्ती, दूरदराजी तथा कम टेलीकॉम सुविधा और नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में हाईस्पीड सैटेलाइट आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। इस एलओआई अंतर्गत पायलट प्रोजेक्ट में कॉमन सर्विस सेंटर्स (सीएससी), ई-गवर्नेंस सुविधाओं, सरकारी विद्यालयों, जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष, पोर्ट्स, वन्यजीव अभयारण्यों के क्षेत्रों को जोड़ने का आयोजन है।
यह एलओआई नर्मदा तथा दाहोद जैसे आकांक्षी जिलों सहित राज्य के आदिजाति जिलों में डिजिटल इन्क्लूजन (समावेशन) के लिए महत्वपूर्ण कदम बनेगा। इस एलओआई के क्रियान्वयन से इन जिलों में पुलिस आउटपोस्ट्स, आपदा प्रबंधन केन्द्रों, वन्यजीव मॉनिटरिंग तथा कृषि अनुसंधान केन्द्रों के लिए मजबूत कनेक्टिविटी द्वारा सिक्योरिटी तथा स्टेबिलिटी बढ़ने के साथ रिलायेबल डिजिटल सर्विस डिलीवरी भी सुनिश्चित होगी।
इस पहल अंतर्गत राज्य के स्कूलों में शिक्षा के लिए स्मार्ट कनेक्टिविटी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) में स्वास्थ्य सुख-सुविधा की सेवाएं और टेली-मेडिसीन सुविधाएं आसानी से एवं तेजी से उपलब्ध होंगी। साथ ही साथ; विभिन्न सरकारी एजेंसियों, विभागों, विद्यालयों और डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम्स की कैपिसिटी बिल्डिंग के लिए भविष्य में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।




