दलित नेताओं पर कांग्रेस के बयानों के खिलाफ AAP का चंडीगढ़ में हल्ला बोल
आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस के दलित-विरोधी बयानों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कांग्रेस नेताओं प्रताप बाजवा और राजा वडिंग द्वारा दलित मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के अपमानजनक बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई। AAP ने कांग्रेस से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की, जिसके बाद माफी न मिलने पर प्रदर्शन किया। AAP ने कहा कि कांग्रेस की चुप्पी उसकी दलित-विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।

सोमवार को आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस की दलित-विरोधी बयानबाज़ी के खिलाफ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजा के साथ प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि दलित समाज के सम्मान से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें भी कीं।
इस पूरे मुद्दे पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सरदार हरभजन सिंह साहब का नहीं, बल्कि उनके काम, उनकी कम्युनिटी और पूरे दलित भाईचारे का मजाक उड़ाया है। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया था कि वह इस दलित-विरोधी मानसिकता पर माफी मांगे, लेकिन कांग्रेस की चुप्पी ने उसकी नीयत और नीति दोनों उजागर कर दी हैं।




