पीएम मोदी का जालंधर दौरा 1 फरवरी को तय; भाजपा बोली- दो फरवरी की खबरें भ्रामक, सिरसा ने भी दिया स्पष्टीकरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जालंधर दौरा 1 फरवरी को ही होगा। भाजपा शहरी जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा और पंजाब भाजपा महासचिव राकेश राठौर ने इसकी पुष्टि की है। नेताओं के अलग-अलग बयानों से फैली भ्रम की स्थिति को दूर करते हुए, मनजिंदर सिंह सिरसा के कार्यालय ने भी स्पष्टीकरण जारी किया। पीएम मोदी डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे और हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते हैं।

सुशील शर्मा के बयान की पुष्टि करते हुए पंजाब भाजपा के महासचिव और पूर्व मेयर राकेश राठौर ने भी कहा कि प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा एक फरवरी को ही निर्धारित है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यक्रम में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है और दो फरवरी को लेकर फैलाई जा रही सूचनाओं पर भरोसा न किया जाए।




