सीएम मान के नेतृत्व में पंजाब को मिला ‘टॉप अचीवर’ पुरस्कार, केंद्र ने उद्योग समर्थक नीतियों को सराहा
पंजाब सरकार को भारत सरकार द्वारा व्यापार सुधार कार्य योजना 2024 के तहत “टॉप अचीवर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य की उद्योग-समर्थक, पारदर्शी और निवेशक-हितैषी नीतियों के कारण मिला है।

पंजाब ने व्यवसाय प्रारंभ, निर्माण परमिट और निवेश आकर्षण जैसे प्रमुख सुधार क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन नीतियों के परिणामस्वरूप, राज्य ने 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आकर्षित किए हैं, जिससे लगभग 4.7 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पंजाब अब भारत और विश्व में पसंदीदा निवेश स्थलों में से एक बन रहा है।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान पंजाब सरकार को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि पंजाब ने भारत के पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्रों — व्यवसाय प्रारंभ , निर्माण परमिट प्राप्तकर्ता, निवेश आकर्षण, क्षेत्र-विशेष स्वास्थ्य सेवाएँ , और सेवा प्रबंधन— में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डी पी आई आई टी ) ने पंजाब को “टॉप अचीवर” घोषित करते हुए उसकी पारदर्शी, कुशल और निवेशक-हितैषी व्यावसायिक नीतियों की सराहना की है। यह सम्मान राज्य में व्यवसाय करने में सुगमता के क्षेत्र में पंजाब की अग्रणी भूमिका की पुष्टि करता है।




