ईरान में 3,090 मौतें, खामेनेई ने ट्रंप को बताया जिम्मेदार; कई भारतीय लौटे देश
ईरान में महंगाई विरोधी प्रदर्शनों में मानवाधिकार संगठन HRANA के अनुसार 3,090 लोग मारे गए, जिनमें 2,885 प्रदर्शनकारी थे। सर्वोच्च नेता खामेनेई ने मौतों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जिम्मेदार ठहराया। इंटरनेट सेवा बहाल होने के बाद नुकसान का पता चला। इस बीच, कई भारतीय छात्र विरोध प्रदर्शनों के बीच ईरान से स्वदेश लौट आए हैं। सरकार ने हिंसा के लिए हथियारबंद दंगाइयों को दोषी ठहराया है।

इस बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को अपराधी करार दिया है जो ईरान में विरोध प्रदर्शनों और उस दौरान हुई मौतों, नुकसान, बदनामी के लिए जिम्मेदार हैं।
ईरान में 3 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
अमेरिका की मानवाधिकार कार्यकर्ताओं से जुड़ी न्यूज एजेंसी एचआरएएनए के अनुसार उसे अपनी जांच में प्रदर्शनों के दौरान ईरान में कुल 3,090 लोगों की मौत का पता चला है। इनमें से 2,885 मृतक प्रदर्शनकारी हैं, बाकी के 205 सुरक्षाकर्मी और अन्य सरकारी कर्मचारी हैं। 10 हजार से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए हैं लेकिन उनकी सही संख्या अभी सामने नहीं आई है। मृतकों की यह संख्या 1979 में हुई इस्लामिक क्रांति के दौरान मारे गए लोगों से भी ज्यादा है।




