चोरों ने काट ली दिल्ली मेट्रो की तार, इस लाइन पर थमी ट्रेनों की रफ्तार; DMRC ने दिया अपडेट
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर आज सुबह से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं। धौला कुआं के पास सिग्नलिंग केबलों की चोरी और क्षति के कारण धौला कुआं से शिवाजी स्टेडियम के बीच ट्रेनें धीमी गति से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है। DMRC ने मरम्मत कार्य जारी होने की पुष्टि की है और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

इस चोरी से सिग्नलिंग सिस्टम प्रभावित हुआ है, जिसके कारण अप लाइन (नई दिल्ली की ओर) पर धौला कुआं से शिवाजी स्टेडियम के बीच ट्रेनें 25 किमी/घंटा की गति से चल रही हैं। जबकि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के बाकी हिस्सों पर सामान्य सेवाएं उपलब्ध हैं। इस लाइन पर ट्रेनें हर 10 मिनट में चलती हैं, लेकिन दिन में केबल रिप्लेसमेंट संभव नहीं होने से यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए मरम्मत कार्य रात में किया जाएगा।




