Delhi धमाके के बाद भी नहीं जागा सिस्टम; गाजियाबाद की पार्किंगों में खड़े लावारिस वाहन, बिना ID चेक किए मिल रहा प्रवेश
दिल्ली में हुए धमाके के बाद भी गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। शहर की पार्किंगों में लावारिस वाहन खड़े हैं, जिनकी कोई जानकारी नहीं है। बिना आईडी चेक किए ही पार्किंग में प्रवेश मिल रहा है, जिससे सुरक्षा में चूक हो रही है। पुलिस प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

कई पार्किंग में संदिग्ध लावारिस वाहन खड़े हुए हैं। इनके मालिकों का पता नहीं चल पा रहा है। रेलवे की पार्किंग में एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध लावारिस वाहन खड़े हैं। इसी तरह आरडीसी की पार्किंग में कई वाहन लावारिस खड़े हैं। कुछ पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं। इससे सिस्टम की लापरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है।
शहर में नगर निगम की 20 से अधिक पार्किंग हैं । जीडीए, प्रशासन और रेलवे की भी तीन बड़ी पार्किंग हैं। कई पार्किंग में वर्षों से लावारिस वाहन खड़े हैं। कुछ लोग वाहन खड़े करने के बाद उन्हें लेने के लिए नहीं आए। इस तरह के वाहनों की संख्या रेलवे की पार्किंग में अधिक है। पूरी पार्किंग को कवर करने के लिए सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे है।




