‘निवेश के लिए बहुत अच्छे हैं भारत के बंदरगाह’, PM Modi वैश्विक निवेशकों को न्योता

नई दिल्ली। इंडिया मैरिटाइम वीक-2025 में शामिल होकर समुद्री क्षेत्र में भारत की प्रगति की गति से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संतुष्ट नजर आए। इस दिशा में अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने वैश्विक निवेशकों को निवेश का न्योता दिया।

PM Modi

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के अगले दिन गुरुवार को उन्होंने अपने लिंक्डइन अकाउंट पर लिखा- ‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि भारत के बंदरगाह निवेश के लिए बहुत ही अच्छे हैं। हमारे पास बहुत लंबी तटीय रेखा है, रणनीतिक वैश्विक व्यापार मार्ग हैं, विश्वस्तरीय बंदरगाह हैं और हमारे पास ब्लू इकोनामी के विकास के लिए एक महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण भी है। हमारे पास बुनियादी ढांचा, नवाचार और इरादे हैं। हमारे युवाओं की बदौलत हमारा पारिस्थितिकी तंत्र नवाचार के लिए तैयार है। आइए, भारत में निवेश करें।’

‘भारत के समुद्री क्षेत्र से मुंबई का गहरा संबंध’
पीएम मोदी ने लिखा कि मुंबई का भारत के समुद्री क्षेत्र से गहरा संबंध है। छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ इसके ऐतिहासिक संबंध हैं और आज यहां एक जीवंत बंदरगाह अवसंरचना है। यह हमारे राष्ट्र का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है।

प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात और प्रमुख हितधारकों के साथ बातचीत की जानकारी देते हुए पीएम ने बताया कि इन मुलाकातों में बंदरगाह आधारित विकास को आगे बढ़ाने में भारत के प्रति आशावाद देखकर मुझे बहुत खुशी हुई।

 

Related Articles

Back to top button