‘संघ में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होता’, RSS के कार्यक्रम में बोले रामनाथ कोविंद
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में किसी भी प्रकार की अस्पृश्यता और जातिगत भेदभाव नहीं होता। उन्होंने नागपुर में आरएसएस के विजयादशमी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि संघ सामाजिक एकता और सुधार का प्रबल पक्षधर रहा है। उन्होंने अटल जी के दलितों के प्रति समर्थन का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि उस समय मैं अनुसूचित जाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष था। तब अटल जी देश के प्रधानमंत्री थे। देश में बहुत से लोग संघ परिवार तथा अटल जी पर दलित विरोधी होने का दुष्प्रचार करते रहते थे। उस रैली को संबोधित करते हुए अटल जी ने उद्घोष किया था कि हमारी सरकार दलितों, पिछड़ों और गरीबों की भलाई के लिए बनी है। हमारी सरकार मनुस्मृति के आधार पर नहीं, बल्कि भीम स्मृति के आधार पर काम करेगी। भीम स्मृति अर्थात भारत का संविधान। उन्होंने यह भी कहा कि हम भीमवादी हैं, अर्थात आंबेडकरवादी हैं।




