हरियाणा में मानसून सत्र का आज अंतिम दिन: CM Nayab Saini पेश करेंगे अपराध पर कड़ा प्रस्ताव; क्या होगा खास?
पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में जमकर मोर्चा संभाला। कानून व्यवस्था की स्थिति पर उनके पास विपक्ष के हर सवाल और हर आरोप का जवाब था। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल में हुए बड़े अपराधों की लंबी सूची पढ़ते हुए एक शेर के माध्यम से कटाक्ष किया, जिसके किरदार पर शैतान भी शर्मिंदा है, वे भी आए हैं यहां करने नसीहत हमको।

नायब सैनी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सामाजिक हैसियत या प्रभावशाली पद के बावजूद यदि वह कानून तोड़ेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। हरियाणा में कानून की सर्वोच्चता स्थापित होगी, अपराधी की हैसियत नहीं। उन्होंने मीडिया घरानों से आग्रह किया कि वे अपराधियों का महिमा मंडन करने से परहेज करें। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को चुनौती दी कि 2004 से 2014 तक के अपने शासनकाल में यदि किसी दुष्कर्मी को फांसी की सजा दिलवाई हो तो उदाहरण प्रस्तुत करें।
कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर चार घंटे चली चर्चा
मुख्यमंत्री नायब सैनी विधानसभा में कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर करीब चार घंटे की चर्चा के बाद जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के समक्ष प्रस्ताव रखा कि यदि वह सहमत हो तो एक प्रस्ताव लाकर मीडिया मंचों से पुरजोर आग्रह किया जा सकता है कि वे अपराध और अपराधियों को महिमा मंडित करने से परहेज करें।




