देश भर में बुनियादी ढांचे का विकास रिकॉर्ड गति से आगे बढ़ रहा : PM Modi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक वीडियो संदेश के माध्यम से गुजरात के अहमदाबाद में सरदारधाम फेज-II, कन्या छात्रालय के शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदारधाम का नाम जितना पवित्र है, उतना ही उसका काम भी पवित्र है। देश भर में बुनियादी ढांचे का विकास रिकॉर्ड गति से आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज बेटियों की सेवा के लिए उनकी शिक्षा के लिए एक होस्टल का लोकार्पण हो रहा है। जो बेटियां इस होस्टल में रहेंगी, उनके अरमान होंगे, सपने होंगे, उसे पूरा करने के लिए अनेक अवसर उन्हें मिलेंगे। और इतना ही नहीं वे बेटियां जब अपने पैरों पर खड़ी होंगी, सामर्थ्यवान बनेंगी, तब राष्ट्र निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका स्वाभाविक ही बनेगी, उनका परिवार भी समर्थ बनेगा। इसलिए सबसे पहले मैं इस होस्टल में रहने का जिनको अवसर मिलेगा, उन सभी बेटियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि गर्ल्स होस्टल फेज 2 की इसकी आधारशिला रखने के लिए आपने मुझे अवसर दिया है। आज समाज के भगीरथ प्रयास से 3 हजार बेटियों के लिए उत्तम व्यवस्था, उत्तम सुविधा के साथ भव्य इमारत उनको मिल रही है। मुझे बताया गया है कि वडोदरा में भी 2 हजार विद्यार्थियों के लिए होस्टल का काम चल रहा है, और पूरा होने की तैयारी में है।
सूरत, राजकोट, मेहसाणा में इस प्रकार के एजुकेशन, लर्निंग, ट्रेनिंग के अनेक सेंटर बनाए जा रहे हैं। इन सारे प्रयासों के लिए जो लोग इनमें अपना योगदान दे रहे हैं, वे सभी अभिनंदन के अधिकारी हैं, क्योंकि अपना देश समाज की शक्ति से ही आगे बढ़ता है। मैं आज इस अवसर पर सरदार साहब के चरणों में प्रणाम करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था, तब हमेशा कहता था कि भारत के विकास के लिए गुजरात का विकास और आज संयोग बना है कि देश के विकास में गुजरात ने मुझे जो सिखाया, गुजरात से जो मैंने सिखा है, वो काम में आ रहा है। आप सभी जानते हैं कि आज से 25-30 साल पहले हमारे यहां गुजरात में अनेक अनेक पैरामीटर में, कुछ बातें चिंताजनक थीं।




