Delhi Airport पर 100 करोड़ रुपये की कोकेन और गांजा जब्त, कस्टम विभाग की कार्रवाई

नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामले लगातार सामने आए हैं। इनमें एक मामले में गांजा तो दूसरे मामले में कोकेन की बड़ी खेप बरामद हुई है। दोनों मामले को जोड़ दें तो बरामद मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 100 करोड़ से भी अधिक है। दोनों मामले में जांच में कस्टम विभाग जुटा है। छह अगस्त को दोहा से आइ इंडिगो की उड़ान 6ई 1346 से एक यात्री उतरा। टर्मिनल 3 पर जब यात्री उतरा तो उसके पास एक हरे रंग का हैंडबैग था।

Delhi Airport

सीमा शुल्क अधिकारियों ने संदेह के आधार पर यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका और उनके सामान की एक्स-रे जांच की। जांच के दौरान हरे रंग के हैंडबैग में रखे फेरेरो रोशर चाकलेट के आठ सुनहरे डिब्बों में 5469.5 ग्राम सफेद रंग का मादक पदार्थ पाया गया। प्रारंभिक डायग्नोस्टिक परीक्षण में यह पदार्थ कोकेन पाया गया। कस्टम अधिकारियों ने जब्त किए गए पदार्थ का अनुमानित मूल्य लगभग 82.04 करोड़ रुपये है। कोकेन बरामदगी से पूर्व दो अगस्त को बैंकाक से दिल्ली पहुंची एअर इंडिया की उड़ान संख्या 2333 से टर्मिनल-3 पर पहुंचे एक भारतीय यात्री के खिलाफ प्रोफाइलिंग के आधार पर कार्रवाई की गई।

यात्री को ग्रीन चैनल पर रोका गया और उसके सामान की एक्स-रे जांच के साथ-साथ व्यक्तिगत तलाशी ली गई। जांच के दौरान, यात्री के ट्राली बैग में 20 सफेद और काले रंग की पालिथीन पाउच में हरे रंग का मादक पदार्थ मिला, जो संदिग्ध रूप से गांजा प्रतीत हुआ। इसका वजन करीब 20 किलो पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 19.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।

 

Related Articles

Back to top button