Prime Minister Narendra Modi : एक सफर में दो-दो धार्मिक स्थलों के दर्शन’: वैष्णो देवी-अमृतसर वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से श्रद्धालुओं में खुशी
जम्मू, : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों श्री माता वैष्णो देवी, कटरा और सिखों के पवित्र शहर अमृतसर को जोड़ने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस रेलगाड़ी का रविवार को हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया। श्री मोदी ने बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में कटरा-अमृतसर वंदेभारत ट्रेन का वर्चुअल रूप में शुभारंभ किया। यह वंदे भारत रेलगाड़ी कटरा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्रीमाता वैष्णों देवी,अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब और ब्यास आने जाने वाले तीर्थ यात्रियों का सफर तेज और बेहतर बनायेगी।

यह ट्रेन जम्मू, पठानकोट कैंट, जालंधर सिटी, ब्यास जैसे खास स्टेशनों पर ही रुकेगी। गौरतलब है कि वंदेभारत ट्रेन नाम से रेल सेवा देश के कई प्रमुख नगरों को आपस में जोड़ने के लिए तैयार की गई है। यह सेवा कम दूरी पर बसे नगरों के लिए इस्तेमाल होती है। उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम में बेंगलुरु–बेलगावी वंदे भारत, अजनी (नागपुर)-पुणे वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।
कटरा स्टेशन पर आयोजित समारोह में जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरेंद्र कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, जम्मू सांसद जुगल किशोर सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौज़ूद थे।



