हरियाणा: CM Nayab की कलाई पर स्कूली बच्चियों ने बांधी स्नेह की डोर, बच्चियों संग पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर की चर्चा

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अपने सरकारी निवास संत कबीर कुटीर पर रक्षा बंधन का पर्व स्कूली छात्राओं के साथ मनाया। पंचकूला के दो सरकारी प्राथमिक विद्यालयों तथा रायपुररानी स्थित वेलफेयर सेंटर फार पर्सन विद स्पीच एंड हियरिंग इंपेरेमेंट की बच्चियों ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी तथा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी की कलाई पर प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के प्रतीक स्वरूप राखी बांधी। स्कूल यूनिफार्म में पहुंची इन बच्चियों ने जब मुख्यमंत्री की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी के रूप में स्नेह की रेशमी डोर बांधी तो मुख्यमंत्री ने उन्हें उपहार और आशीर्वाद दिया।

CM Nayab

मुख्यमंत्री ने बच्चियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, खेलकूद और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चियों को शिक्षा में आगे बढ़ने और समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। इनमें पंचकूला शहर के गवर्नमेंट माडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल सेक्टर-26 एवं सेक्टर-4 की 12 बच्चियां तथा वेलफेयर सेंटर फार पर्सन विद स्पीच एंड हियरिंग इंपेरेमेंट रायपुररानी से आठ बच्चियां शामिल थीं।

उनके साथ आईं जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिक्कारा, जिला विज्ञान विशेषज्ञा पूजा, जिला सांस्कृतिक समन्वयक दीपा रानी और शिक्षिकाओं ने भी मुख्यमंत्री को रखी बांधी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन का त्योहार नहीं, बल्कि यह प्रेम, त्याग और सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। ऐसे अवसर हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं और समाज में भाईचारे व सौहार्द की भावना को प्रबल करते हैं।

बच्चों की मासूम मुस्कान और स्नेह उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान करते हैं, जिससे वे राज्य के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चियों को मिठाइयां वितरित की गईं और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ इस आयोजन को स्मरणीय बना दिया गया।

Related Articles

Back to top button