गर्मजोशी और स्नेह से अभिभूत’: PM Modi ने बिहार में स्वामी शक्ति शरणानंद सरस्वती से मुलाकात की
मोतिहारी,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार के मोतिहारी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश को 7,200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी।

इसके अलावा, उन्होंने स्वामी शक्ति शरणानंद सरस्वती जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इस मुलाकात की जानकारी खुद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी। मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “आज मोतिहारी में स्वामी शक्ति शरणानंद सरस्वती जी महाराज से आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला।
उनके व्यक्तित्व में जहां तेज और ओज का वास है, वहीं वाणी में आध्यात्मिकता रची-बसी है। महाराज जी की आत्मीयता, स्नेह और मार्गदर्शन से अभिभूत हूं!” अपने इस दौरे के दौरान मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने करीब 7,200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से रेल, सड़क, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे।प्रधानमंत्री ने बिहार में प्रमुख रेल परियोजनाओं में समस्तीपुर-बछवाड़ा लाइन पर स्वचालित सिग्नलिंग का उद्घाटन किया और पाटलिपुत्र में वंदे भारत मेंटेनेंस फैसिलिटी और दरभंगा-नरकटियागंज लाइन के दोहरीकरण सहित 4,080 करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
इसके अलावा, उन्होंने राजेन्द्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर), और मालदा टाउन से लखनऊ (गोमती नगर) के बीच भागलपुर के रास्ते चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर भी रवाना किया।




