‘माओवादी हिंसा मुक्त देश का संकल्प करेंगे पूरा’, छत्तीसगढ़ में गरजे PM Modi ; फिर हो गए भावुक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि माओवादी हिंसा मुक्त देश का संकल्प पूरा करेंगे। वर्ष 2014 में जब सरकार चलाने का अवसर मिला, तब हमने देश को माओवादी हिंसा से मुक्त कराने का संकल्प लिया था। तब सवा सौ जिले माओवाद की चपेट में थे, अब सिर्फ तीन जिले बचे हैं।

ये जिले भी जल्द माओवादी हिंसा से मुक्त हो जाएंगे। प्रधानमंत्री शनिवार को छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा के नए भवन के लोकार्पण के साथ सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14260 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
माओवादी हिंसा का जिक्र करते प्रधानमंत्री हुए भावुक
माओवादी हिंसा का जिक्र करते प्रधानमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह लाखों माताओं-बहनों को अपने बच्चों के लिए रोते-बिलखते नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा कि जहां कभी बम व बंदूक का खौफ था, वहां अब विकास पहुंच रहा है। बीजापुर के टिकपल्ली गांव को सात दशक बाद बिजली मिली और अबूझमाड़ के रिकायवा गांव में आजादी के बाद पहली बार स्कूल बन रहा है। पूवर्ती में अब लाल झंडे की जगह तिरंगा लहरा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने गरीबी को करीब से देखा है, इसलिए प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीबों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया। हमारी सरकार ने गरीब की दवाई, कमाई, पढ़ाई, सिंचाई सभी सुविधाओं पर फोकस किया। विपक्ष को निशाने पर लेते उन्होंने कहा कि आज जो लोग संविधान की किताब लेकर दिखावा करते हैं, उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए आपके साथ दशकों तक अन्याय किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस छत्तीसगढ़ का सपना देखा था, वह आज विकास का वटवृक्ष बन गया है।




