ग्लोबल मार्केट से मजबूती के संकेत, एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख
नई दिल्ली,। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। पिछले सत्र के कारोबार के दौरान वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी फिलहाल मामूली तेजी के साथ कारोबार करता नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर तेजी का माहौल बना हुआ है। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक पॉजिटिव नोट के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.70 प्रतिशत उछल कर 5,304.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 184.76 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ 16,920.79 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स फिलहाल 0.03 प्रतिशत की तेजी के साथ 39,087.93 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान सीमित दायरे में कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,317.59 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सीएसी इंडेक्स ने 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,132.49 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,774.7 एक अंक के स्तर पर बंद हुआ। एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर तेजी का रुख नजर आ रहा है। एशिया के 9 बाजारों में से 3 के सूचकांक मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 6 सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में बने हुए हैं।




