काला अम्ब स्थल पर स्थापित होगी शिवाजी की प्रतिमा : देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पानीपत के काला अम्ब स्थित स्थल पर शौर्य स्मारक समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि अगले वर्ष इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार शामिल होगी। यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह से सम्मिलित होने का आग्रह किया जाएगा और इस स्थल को विकसित करने की रूपरेखा पर विस्तृत कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा की काला अम्ब स्थल पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी स्थापित होगी।
उन्होंने कहा कि पानीपत की भूमि वीरों की भूमि है जो वीरता और एकता को दर्शाती है और इसका संदेश भी देती है। यहीं से मराठों को एकता में रहने का सूत्र मिला और इसके बाद मराठों ने भगवा के स्वाभिमान को आगे बढ़ाते हुए हिंद स्वराज की स्थापना की। मराठों ने वीरता दिखाते हुए मंदिरों, आस्था स्थलों, पूजा स्थलों को तोड़ने वाले आक्रांताओं को सबक सिखाते हुए पुन: हिन्दुस्तान में भगवा की स्थापना की। पानीपत की भूमि मराठों, वीरों के रक्त से संचित भूमि है। यदि उस समय देश के अन्य राजा मराठों की मदद के लिए आगे आते तो अब्दाली हार जाता।




