Aam Aadmi Clinic: पंजाब में स्वास्थ्य सेवा में डिजिटल क्रांति!
चंडीगढ़। पंजाब सरकार की ओर से राज्य में खोले गए 872 Aam Aadmi Clinic के काम करने का तरीका नजीर बनती जा रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले जो काम कोई भी सरकार नहीं कर पाई। वह अब हो रहा है। आम आदमी क्लीनिक में आने वाले सारे मरीजों के रजिस्ट्रेशन से लेकर उसके इलाज, दी जाने वाले दवाओं का डाटा इलेक्ट्रानिक रूप से रखा जा रहा है। इसके लिए सरकार की ओर से बाकायदा आम आदमी क्लीनिक के डाक्टर से लेकर फार्मासिस्ट तक को टैब दिया हुआ है। इसका सारा डाटा स्वास्थ्य विभाग के पास सुरक्षित होता है। आम आदमी क्लीनिक में इलाज करवाने वाले 2.15 करोड़ से अधिक मरीजों का हेल्थ डाटा स्वास्थ्य विभाग के पास सुरक्षित है।
हर मरीज की मेडिकल हिस्ट्री तैयार करने का टारगेट
Aam Aadmi Clinic को पेपर लैस करने की प्रक्रिया की सफलता के बाद अब पंजाब सरकार इसे पूरे स्वास्थ्य क्षेत्र में लागू करना चाहती है। पंजाब सरकार का लक्ष्य हरेक मरीज के बीमारी की हिस्ट्री को तैयार करने का है। ताकि गंभीर बीमारी होने की सूरत में इलाज करने वाले डाक्टर के पास मरीज के बारे में सारी जानकारी उपलब्ध हो। आम आदमी क्लीनिक न सिर्फ लोगों की बीमारी का इलाज कर रही है बल्कि भविष्य में उन्हें सुरक्षित रखने का भी काम कर रही है।




