Cyber Fraud Crime : 16 राज्यों से 51 साइबर फ्रॉड के प्रकरण दर्ज, 10 करोड़ से अधिक है ठगी की रकम
51 cyber fraud cases registered from 16 states, the amount of fraud is more than 10 crores
हनुमानगढ़ में साइबर थाना व साइबर सेल के ऑपरेशन एंटी वायरस के तहत करोड़ों रुपए की साइबर ठगी के मामलों में साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर फर्जी फर्म के संचालक सहित एक डॉक्टर को धौलपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है।
फर्जी फर्म के खिलाफ साइबर पोर्टल पर 16 राज्यों से 51 साइबर ठगी के मामले दर्ज हुए, जिनमें ठगी की रकम 10 करोड़ से अधिक है। एसपी अरशद अली ने बताया कि 23 अप्रैल को परिवादी सुनील कुमार पुत्र निवासी वार्ड नंबर 17 पक्का सहाणा ने रिपोर्ट दी कि टेलीग्राम एप पर अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज आया, जिसमें उसके साथ कॉलेज में पढ़ने वाले एक मित्र की फोटो लगी हुई थी।
उसे मित्र समझकर एप पर हुई बातचीत में उसकी जानकारी शेयर की। उक्त व्यक्ति ने ट्रेडिंग व लग्जरी लाइफ स्टाइल के जरिए प्रतिदिन 2 से 3 लाख रुपए कमाने के सपने दिखाकर करीब एक माह तक उसके बताए विभिन्न खातों में 94 लाख 70 हजार 300 रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
रिपोर्ट पर पुलिस थाना साइबर पर मामला दर्ज कर पुलिस निरीक्षक रणवीर सिंह बेनीवाल द्वारा जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरशद अली ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व परिवादी की राशि वापस दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच अधिकारी ने टीम के साथ साइबर ठग गिरोह द्वारा उपयोग किए गए बैंक खातों की जांच की और फर्जी फर्म के नाम से खोले गए चालू खाते के खाताधारक सुधीर यादव पुत्र कल्याण सिंह यादव (34) निवासी कायस्थ पाड़ा, थाना निहालगंज व उसके मुख्य सहयोगी व डेंटल चिकित्सक आनंद सोनी पुत्र बलवीर सिंह दत्तक पुत्र संतोष कुमार (39) निवासी तलैया रोड, थाना निहालगंज, जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया।
Read more: Award function News: शाहीन परवीन को मिला बेस्ट मॉडल का अवार्ड
आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में गठित विशेष टीम ने परिवादी सुनील कुमार के बैंक खाते में 10 लाख रुपए की राशि वापस करा दी है। रिमांड में शेष राशि व अन्य साथियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।




