Space: भारत के साथ अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में इटली ने रुचि व्यक्ति की

Italy expressed interest in enhancing cooperation with India in areas such as space technology and advanced manufacturing

इटली के वरिष्ठ मंत्री श्री एडोल्फो उर्सो ने आज केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान और पीएमओ, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए विस्तृत चर्चा की। उद्यम और अंतरिक्ष सहित कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे श्री एडोल्फो उर्सो इस समय भारत यात्रा पर है। दोनों मंत्रियों के बीच हुई बैठक में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और अंतरिक्ष अन्वेषण में सहयोगात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने श्री एडोल्फो उर्सो का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए भारत-इटली संबंधों की मजबूत नींव पर जोर दिया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “भारत और इटली के बीच वैज्ञानिक सहयोग का जीवंत इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम नवाचार और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय कदम उठा रहे हैं, जिससे दोनों देशों को लाभ होगा।” बैठक में भारत के साथ अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में इटली ने रुचि व्यक्त की। दोनों देशों ने सहयोगात्मक प्रयासों और टिकाऊ भविष्य के लिए अग्रणी अभिनव कार्यक्रमों के माध्यम से वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की प्रतिबद्धता की। भारत और इटली के बीच वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में लंबे समय से खासकर, ट्राइस्टे, एलेट्रा में सिंक्रोट्रॉन संयंत्र के माध्यम से साझेदारी है। भारतीय वैज्ञानिक इटली के वैज्ञानिकों के बाद इस सुविधा के दूसरे सबसे बड़े उपयोगकर्ता हैं। वर्ष 2016 से, संयुक्त रूप से निर्मित विवर्तन बीमलाइन ‘एक्सआरडी2’ और ‘एक्सप्रेस’ ने सामग्री विज्ञान और इंजीनियरिंग में अत्याधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में काफी मदद की है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “यह सहयोग दोनों देशों के आपसी विश्वास और साझा दृष्टिकोण को दर्शाते हैं और 2025-2027 के लिए सहयोग का आगामी कार्यक्रम संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं को वित्तपोषित कर हमारी साझेदारी को और अधिक बढ़ावा देगा।”

Related Articles

Back to top button