
दिल्ली सचिवालय में हुई एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि पिछले कुछ महीनो से देश की राजधानी दिल्ली गैंगस्टरों की दिल्ली बनी हुई है I हाल ही में हुई कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि बीती 5 तारीख को नांगलोई के एक प्लाईवुड शोरूम पर कुछ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और शोरूम के मालिक से 10 करोड रुपए रंगदारी की मांग की गई I उसी दिन अलीपुर में एक गैस गोदाम पर भी बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की और उस गैस गोदाम के मालिक से भी रंगदारी मांगी गई I बीते कल हुई एक घटना का जिक्र करते हुए मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि इसी प्रकार से कल उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में तीन बदमाश एक बाइक पर आए और अंधाधुंध गोलियां चलाई जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया और दूसरे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई I मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पत्रकार बंधुओ से प्रश्न पूछते हुए कहा, कि क्या आप कल्पना कर सकते हैं, कि देश की राजधानी दिल्ली में आए दिन गोलीबारी और हत्याओं जैसी वारदातें हो रही हैं I उन्होंने कहा वह दिल्ली जो देश की राजधानी है, जिस दिल्ली में राष्ट्रपति रहते हैं, प्रधानमंत्री रहते हैं, जिस दिल्ली में केंद्र सरकार के सभी विभागों के मुख्यालय बने हुए हैं, इस देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में बनी हुई है, संसद दिल्ली में बनी हुई है, दुनिया के लगभग सभी देशों के दूतावास दिल्ली में बने हुए हैं, दुनिया भर के पर्यटक, सैलानी और राजनीतिक लोग दिल्ली में आते हैं, ऐसी दिल्ली में खुलेआम गैंगस्टरों द्वारा गोलियां चलाई जा रही हैं, हत्याएं की जा रही हैं, रंगदारी मांगी जा रही है और लोग रंगदारी देने को मजबूर हैं I