Viral: दिलजीत दोसांझ और एड शीरन ने बर्मिंघम में ‘नैना’, ‘शेप ऑफ यू’ पर प्रस्तुति दी
Diljit Dosanjh and Ed Sheeran perform 'Naina', 'Shape of You' in Birmingham
बर्मिंघम/मुंबई, 23 सितंबर (वेब वार्ता)। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने ब्रिटेन के बर्मिंघम में अपने संगीत कार्यक्रम के दौरान ब्रिटिश गायक-संगीतकार एड शीरन को अपने साथ प्रस्तुति देने के लिए मंच पर आमंत्रित करके प्रशंसकों को चौंका दिया। दोसांझ ने रविवार को बर्मिंघम में अपने “दिल-लुमिनाती टूर 2024” के हिस्से के रूप में प्रस्तुति दी, जिसके दौरान शीरन ने भी कुछ समय तक गायन और गिटार पर उनका साथ दिया। पंजाबी गायक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अपना और शीरन का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में वे 2024 की फिल्म “क्रू” के अपने सुपरहिट गाने “नैना” और “शेप ऑफ यू” पर डांस करते नजर आ रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “मेरे भाई ने बर्मिंघम में समान बांध दिया, क्या रात थी। प्यार और सम्मान।
इस प्यार के लिए बर्मिंघम का शुक्रिया।” कुछ महीने पहले मुंबई में अपने एक कॉन्सर्ट के दौरान शीरन ने दोसांझ के साथ परफॉर्म किया था। बर्मिंघम में इवेंट के दौरान शीरन ने दोनों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। ब्रिटिश सिंगर ने कहा, “बर्मिंघम में मेरे भाई दिलजीत दोसांझ को शुक्रिया, क्या कमाल का माहौल था, मुझे यहां बुलाने के लिए शुक्रिया।” बाद में दोसांझ ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह ग्रीन रूम में शीरन से बैकस्टेज मिलते और उन्हें गले लगाते नजर आ रहे हैं। दोसांझ अगले महीने भारत में परफॉर्म करेंगे। वह 26 अक्टूबर को नई दिल्ली से अपने ‘दिल-लुमिनाती इंडिया टूर 2024’ की शुरुआत करेंगे, इसके बाद हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पुणे, कोलकाता और अन्य शहरों में परफॉर्म करेंगे। इसका समापन 29 दिसंबर को गुवाहाटी में एक शो के साथ होगा।




