Pm Modi: प्रधानमंत्री ने फिलिस्तीन के राष्ट्रपति से मुलाकात की
Prime Minister meets President of Palestine
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 22 सितंबर 2024 को न्यूयॉर्क में भविष्य के शिखर सम्मेलन के अवसर पर फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महामहिम महमूद अब्बास से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने गाजा में मानवीय संकट और क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की और फिलिस्तीन के लोगों को निरंतर मानवीय सहायता सहित भारत के अटूट समर्थन की पुष्टि की। प्रधानमंत्री ने इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत की समय-परीक्षित सैद्धांतिक स्थिति को दोहराया और युद्ध विराम, बंधकों की रिहाई और वार्ता और कूटनीति के रास्ते पर लौटने का आह्वान किया। 
उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल दो राष्ट्र समाधान ही क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता प्रदान कर सकता है। यह याद करते हुए कि भारत फिलिस्तीन को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन की सदस्यता के लिए भारत के निरंतर समर्थन को व्यक्त किया।दोनों नेताओं ने भारत-फिलिस्तीन द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर रचनात्मक चर्चा की, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में फिलिस्तीन को भारत का समर्थन और शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षमता निर्माण प्रयासों के क्षेत्र में फिलिस्तीन को जारी सहायता और समर्थन शामिल है। दोनों नेताओं ने भारत-फिलिस्तीन द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।




