Politics: राहुल गांधी ने हरियाणा में ‘आप’ से गठबंधन की इच्छा जताई, शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर कसा तंज
Rahul Gandhi expressed his desire to form an alliance with AAP in Haryana, Shahnawaz Hussain took a jibe at Congress
नई दिल्ली, 03 सितंबर (वेब वार्ता)। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। ऐसे में कांग्रेस में मंथन का दौर चल रहा है। इस बीच राहुल गांधी ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर तंज कसा। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि कांग्रेस को पता चल गया है कि वह जीतने वाली नहीं है। इसलिए कांग्रेस आखिरी वक्त में कुछ कदम उठा रही है। कांग्रेस जानती है कि हरियाणा में फिर से भाजपा की सरकार आने वाली है। इसलिए वे किसी से भी गठबंधन करने को कह रहे हैं। भाजपा नेता ने आगे कहा कि वे कहते हैं कि आम आदमी पार्टी से गठबंधन कर लो। लेकिन वहां का आम आदमी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करता है। भाजपा ने दस साल में जो विकास कार्य किए हैं, वे सभी जानते हैं। भाजपा राज्य में फिर से सरकार बनाएगी।

कांग्रेस चाहे जितनी कोशिश कर ले या किसी से भी गठबंधन कर ले, सरकार भाजपा की ही बनेगी। सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। इस पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मामला कोर्ट में लंबित है। कोर्ट ने इस पर अगली तारीख दे दी है। मामला कोर्ट में है, इसलिए अभी इस पर कुछ कहना उचित नहीं है। आपको बता दें कि राहुल गांधी लोकसभा की तर्ज पर हरियाणा में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन चाहते हैं। लेकिन आप पहले ही राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी कहते रहे हैं कि हम विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेंगे और जीतेंगे। मालूम हो कि हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। हरियाणा में एक चरण में चुनाव होंगे। हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।




