रांची में आटोरिक्शा की हड़ताल, यात्री परेशान

Autorickshaw strike in Ranchi, passengers troubled

रांची, 29 अगस्त (वेब ​​वार्ता)। सरकार द्वारा लगाए गए कुछ प्रतिबंधों के विरोध में रांची में ऑटो रिक्शा संचालकों की हड़ताल के कारण गुरुवार को यात्रियों और स्कूली छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभिन्न संगठनों ने गुरुवार से ‘कैब एग्रीगेटर्स’ और सिटी बसों का परिचालन बंद करने का भी निर्णय लिया है। गुरुवार की सुबह हड़ताल के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचे। रांची के दीपाटोली स्थित एक निजी स्कूल में अपनी बेटी को छोड़ने के बाद अभिभावक बबीता देवी ने कहा, “ऑटो रिक्शा हड़ताल के कारण हमें परेशानी हो रही है। मैं और मेरी बेटी पिछले दो दिनों से स्कूल जाने के लिए छह किलोमीटर पैदल चल रहे हैं।” ऑटो रिक्शा से स्कूल आने-जाने वाले छात्रों को पूरे शहर में ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण रेल और बस यात्रियों को भी काफी परेशानी हो रही है। जो इक्का-दुक्का ऑटो चल रहे हैं, वे भी यात्रियों से अधिक किराया वसूल रहे हैं।

बैटरी चालित ई-रिक्शा समेत ऑटोरिक्शा यूनियन रूट निर्धारण, परमिट जारी करने में कथित अनियमितताओं और रांची जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान लगाए गए भारी जुर्माने जैसे कई मुद्दों के विरोध में 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। राज्य सीएनजी ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि प्रशासन ने पूरे रांची शहर को चार जोन में बांटकर ऑटोरिक्शा के लिए 17 रूट और ई-रिक्शा के लिए 113 रूट तय किए हैं। सोनी ने कहा, “ऑटोरिक्शा और ई-रिक्शा संघों ने नए रूट चार्ट का विरोध किया है। हम चाहते हैं कि नया रूट चार्ट वापस लिया जाए।” उन्होंने कहा कि प्रशासन ने परमिटधारी ऑटोरिक्शा की आवाजाही को भी तीन किलोमीटर तक सीमित कर दिया है। रांची यातायात विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शहर की सड़कों पर यातायात का बोझ कम करने और जाम की समस्या से निपटने के लिए ये सभी कदम उठाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button