टीवी पर भिड़ेंगे सलमान-कंगना, 5 अक्टूबर से प्रसारित होगा बिग बॉस और लॉकअप
Salman-Kangana will clash on TV, Bigg Boss and Lockup will be aired from October 5
मुंबई, 22 अगस्त (वेब वार्ता)। पॉपुलर टीवी शो ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ के खत्म होने के साथ ही दर्शकों को ‘बिग बॉस सीजन 18’ का बेसब्री से इंतजार है। सलमान खान के शो को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। जहां एक तरफ सलमान के शो की चर्चा हो रही है तो वहीं अब ‘पंगा क्वीन’ कंगना रनौत के शो ‘लॉकअप सीजन 2’ की चर्चा भी जोर पकड़ रही है। कहा जा रहा है कि कंगना के शो ‘लॉकअप’ का दूसरा सीजन भी जल्द ही शुरू हो सकता है। इस मौके पर हमें कंगना रनौत और सलमान खान के बीच टीवी पर सबसे बड़ी टक्कर भी देखने को मिलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक कंगना के शो लॉकअप का दूसरा सीजन 5 अक्टूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शुरू होने की संभावना है। इसी बीच सलमान खान के शो को लेकर ये भी खबर आ रही है कि शो का प्रीमियर 5 अक्टूबर से होगा।

हालांकि अभी ये तारीखें तय नहीं हुई हैं लेकिन अगर ऐसा होता है तो दर्शकों को टीवी की दुनिया की सबसे बड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। सलमान के शो बिग बॉस का अपना एक बड़ा फैन बेस है। बिग बॉस के अब तक 17 सीजन दर्शकों को दिखाए जा चुके हैं। अब तक कंगना के शो लॉकअप का पहला सीजन 2022 में दर्शकों के सामने आया था। इसके बाद 2024 में इसका दूसरा सीजन चर्चा में है। कंगना के शो को खूब प्यार मिला है। ‘लॉकअप सीजन 1’ के विनर मुनव्वर फारूकी थे। इसके बाद मुनव्वर ने ‘बिग बॉस सीजन 17’ की ट्रॉफी भी अपने नाम की। इसके बाद मुनव्वर काफी चर्चा में रहे।




