
केजरीवाल सरकार ने रविवार को सराय काले खां फ्लाईओवर को चालू कर आश्रम पर घंटों लगने वाले जाम से लोगों को मुक्ति दे दी। अब लोगों को सेंट्रल, ईस्ट और साउथ-ईस्ट दिल्ली के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिल पाएगी। जाम की समस्या खत्म होने से वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। सीएम अरविंद केजरीवाल ने 630 मीटर लंबे तीन लेन के इस फ्लाईओवर का उद्घाटन कर कहा कि इसे 66 करोड़ रुपए में बनाया जाना था, लेकिन हमने इसे 45 करोड़ में ही बना कर 16 करोड़ बचा लिए। अब तक हमने फ्लाईओवर के निर्माण में 557 करोड़ रुपए बचाए हैं। सीएम ने कहा कि 1947-2015 तक दिल्ली में 72 फ्लाईओवर-अंडरपास बनाए गए, जबकि ‘‘आप’’ की सरकार ने 2015 से अब तक 30 बनाए हैं। इसके अलावा 9 फ्लाईओवर पर काम चल रहा है और 16 अप्रूवल की प्रक्रिया में है। पुरानी सरकार ने 70 साल में जितना काम किया है, उतना काम हम लोग 8-10 साल में ही करके दिखा देंगे। इस अवसर पर सीएम श्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि काले खां पर तीन लेन का फ्लाईओवर बनने से अब टी-जंक्शन पर जाम की समस्या खत्म हो गई है। यहां जाम लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देर और परेशानी होती थी। अब इससे मुक्ति मिल जाएगी। यह फ्लाईओवर 630 मीटर लंबा है। इससे बनाने के लिए 66 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। दिल्ली में जब से हमारी सरकार बनी है, हम हर काम में पैसे बचाते हैं। इस फ्लाईओवर के निर्माण में भी हमने करीब 16 करोड़ रुपए बचाया है। ये फ्लाईओवर करीब 50 करोड़ रुपए बनकर तैयार हुआ है।