‘युद्ध के लिए तैयार’: ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी, समझौते की शर्तें पूरी होने तक अंतिम बातचीत नहीं
तेहरान। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कभी अमेरिका तो कभी ईरान एक दूसरे को लगातार चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। इस बार ईरान ने अमेरिका को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) की शर्तें पूरी नहीं की गईं तो वह युद्ध के लिए तैयार है।

ईरानी संसद के स्पीकर और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालीबफ ने मंगलवार को कहा कि अंतिम समझौते पर बातचीत तब तक आगे नहीं बढ़ेगी, जब तक अमेरिका समझौते की प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं करता।
टेलीविजन इंटरव्यू में गालीबफ ने कहा कि अगर दूसरा पक्ष एमओयू का पालन नहीं करता तो हम युद्ध के लिए तैयार हैं। उन्होंने अमेरिका पर हालिया संघर्ष समाप्त करने वाले समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और फारस की खाड़ी में हो रही घटनाओं का जिक्र किया।




