अमेरिका ने ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर दागी मिसाइलें, IRGC बोला- नरक जैसी स्थिति बना देंगे
वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए शांति समझौते के बावजूद मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है। दोनों देश एक दूसरे पर हमले बंद करने का नाम नहीं ले रहे हैं। 24 घंटे के भीतर अमेरिका ने दूसरी बार ईरान पर हमला किया है। जिसका वीडियो भी सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर जारी किया है।

दरअसल, अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर नए हमले की घोषणा के कुछ घंटों के बाद वीडियो शेयर करते हुए सेंटकॉम ने कहा, “ईरान द्वारा पनामा ध्वज वाले टैंकर कीकू पर किए गए ड्रोन हमले के जवाब में अमेरिकी नौसेना और वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने आज रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में और उसके आसपास कई स्थानों पर स्थित 10 ईरानी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल से हमले किए।”
दोनों एक दूसरे पर लगा रहें सीजफायर तोड़ने का आरोप
बता दें कि अमेरिका-ईरान के बीच हुए शांति समझौते के कुछ दिन बाद ही ईरान ने पनामा ध्वज वाले टैंकर कीकू पर ड्रोन से हमला किया, जिसे अमेरिका ने सीजफायर का उल्लघंन बताते हुए ईरानी ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए। अमेरिका ने पिछले 24 घंटे के भीतर दो बार ईरानी ठिकानों पर हमला किया। अब दोनों देश एक दूसरे पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।
रविवार को सेंटकॉम ने कहा कि ईरान ने सुबह 4:30 बजे एक ड्रोन से पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर ‘एम/टी किकू’ पर हमला किया था। टैंकर 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल लेकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास से जा रहा था। इसके बाद ही अमेरिकी सेना ने और हमले किए।
ईरान को मिला था सीजफायर का मौका
सेंटकॉम ने कहा, टैंकर कीकू पर ईरानी हमले के बाद अमेरिका ने कल जवाबी हमले किए। ईरान को सीजफायर समझौते का सम्मान करने का मौका दिया गया था, लेकिन उसने ऐसा नहीं करने का विकल्प चुना।”
अमेरिकी सेना के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में ईरानी सैन्य निगरानी अवसंरचना, संचार प्रणाली, वायु रक्षा स्थल, ड्रोन भंडारण सुविधाएं और बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता को निशाना बनाया गया था। होर्मुज में अमेरिकी सेना सतर्क है और जहाजों का आवागमन जारी है।
ईरान की नरक वाली चेतावनी
वहीं दूसरी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका को चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में खाड़ी इलाके में मौजूद उसके ठिकानों को नरक जैसी हालत का सामना करना पड़ेगा।




