खत्म होंगे गौतम अदाणी के खिलाफ लगे आपराधिक आरोप? जज को लिखी चिट्ठी; रिश्वतखोरी से जुड़ा है केस
नई दिल्ली। भारत के मशहूर उद्योगपति, गौतम अदाणी (Gautam Adani) के खिलाफ अमेरिका में लगे क्रिमिनल चार्जेस को खारिज करने के लिए, उनके वकीलों ने 24 जून, बुधवार को अमेरिकी जज से आपराधिक आरोपों को औपचारिक रूप से खारिज करने का अनुरोध किया है। यह कदम जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा पिछले महीने यह कहे जाने के बाद उठाया गया है कि वह अब इस मामले में मुकदमा नहीं चलाएगा।

दरअसल, 2024 में गौतम अदाणी पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने पर सहमति जताई थी ताकि उनके ग्रुप की एक सब्सिडियरी कंपनी को सोलर प्लांट बनाने की मंज़ूरी मिल सके।
अदाणी के वकील ने जज से क्या कहा?
वकील ने जज से यह आग्रह भी किया कि वे U.S. सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन द्वारा लगाए गए सिविल आरोपों को औपचारिक रूप से खारिज कर दें। यह आग्रह तब किया गया जब रेगुलेटर एक सेटलमेंट पर पहुंचा, जिसके तहत गौतम अदाणी $6 मिलियन और उनके भतीजे सागर अदाणी $12 मिलियन का भुगतान करेंगे। वहीं, अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन के मामले को सुलझाने के लिए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग को 275 मिलियन डॉलर का भुगतान करने पर अलग से सहमति जताई है।




