लखनऊ अग्निकांड ने बढ़ाई दिल्ली की धड़कन! दमकल विभाग ने संकरी गलियों के लिए मंगाए 26 नए वाहन
नई दिल्ली। लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स में सोमवार को लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत ने एक बार फिर देशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने राजधानी दिल्ली में हाल के वर्षों में हुए उन बड़े अग्निकांडों की यादें ताजा कर दी हैं, जिनमें दर्जनों लोगों ने अपनी जान गंवाई थीं।
दिल्ली में भी आग की घटनाएं लगातार लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही हैं। इस वर्ष राजधानी में हौजरानी, विवेक विहार, पालम और तुगलकाबाद एक्सटेंशन समेत कई बड़े अग्निकांडों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। दमकल विभाग के आंकड़े बताते हैं कि आग लगने की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सरकारी विभागों में चरम पर फैले भ्रष्टाचार के कारण सुरक्षा मानकों की अनदेखी, अवैध निर्माण और आपातकालीन इंतजामों की कमी ऐसे हादसों को और भयावह बना रही है।





