सनकी पति ने पत्नी और 3 मासूम बच्चों को उतारा मौत के घाट, खुद को भी किया लहूलुहान; हैरान कर देगी वजह

दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही पत्नी और तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी है। इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और हर कोई दहशत में है। मंगलवार सुबह पतौर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच हुए एक पारिवारिक विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में खत्म हो गया।

डंडे और रॉड से पीट-पीटकर ली जान, खुद को भी किया लहूलुहान

आरोपी पति की पहचान बंगाल के दालकोला जिले के कुंडी थाना क्षेत्र निवासी संदीप दास उर्फ बिल्टू दास के रूप में हुई है। वह अपनी 30 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी दास और तीन बच्चों- सात साल के हृदय दास, छह साल की संध्या दास और पांच साल के मासूम सोन दास के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में रहता था और मजदूरी करता था। मृत बच्चों के मामा मंगू दास के मुताबिक, मंगलवार तड़के किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। गुस्से में आगबबूला हुए संदीप ने डंडे और लोहे की रॉड से अपनी पत्नी और तीनों मासूम बच्चों को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद सनकी पति ने खुद का भी सिर फाड़ लिया और खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। फिलहाल उसे भारी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) में भर्ती कराया गया है।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े मजदूर, जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम

घटना के समय मुर्गी फार्म में काम करने वाले अन्य मजदूर मुर्गियों को चारा-पानी दे रहे थे। फार्म में ही काम करने वाली सुनीता दास ने बताया कि अहले सुबह संदीप के कमरे से बुरी तरह मारपीट और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। हल्ला सुनकर जब सभी मजदूर वहां इकट्ठा हुए तो कमरे का खून से लथपथ खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। चारों बुरी तरह घायल पड़े थे और संदीप का भी सिर फटा हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पतौर और एपीएम थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी और सदर एसडीपीओ भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुला लिया है, जो इस रूह कंपा देने वाले हत्याकांड के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button