‘ऑपरेशन सिंदूर हमारे संकल्प और सेना के पराक्रम का प्रतीक’, पीएम मोदी ने आतंकियों को दिया कड़ा संदेश
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार को कहा कि यह ऑपरेशन भारत की आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ प्रतिक्रिया को दर्शाता है।

ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।
एएनआइ के अनुसार, एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा- ”एक वर्ष पहले, हमारे सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और संकल्प का प्रदर्शन किया। उन्होंने उन लोगों को उचित जवाब दिया जिन्होंने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिमाकत की थी। पूरा देश हमारे बलों को उनके साहस के लिए सलाम करता है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाया।”
मोदी ने आगे कहा कि इसने हमारे सशस्त्र बलों की पेशेवरता, तैयारी और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। साथ ही, इसने हमारे बलों के बीच बढ़ती संयुक्तता को भी प्रदर्शित किया। इसने यह भी दर्शाया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को कितना मजबूत किया है। आज, एक वर्ष बाद भी हम आतंकवाद को खत्म करने और उसे बढ़ावा देने वाले तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प पर हम पहले की तरह ही अडिग हैं।




