इजराइल पर ईरान का मिसाइल अटैक, UAE टर्मिनल पर भारतीय जहाज में तेल भरते वक्त हमला
नई दिल्ली : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का आज 16वां दिन है। बढ़ते सैन्य टकराव का असर खाड़ी क्षेत्र में तेल आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

भारत के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह ऑयल टर्मिनल पर हमला हुआ। उस समय वहां भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर ‘जग लाड़की’ कच्चा तेल लोड कर रहा था। मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। जहाज ने लगभग 80,800 मीट्रिक टन कच्चा तेल लोड किया और अब सुरक्षित रूप से भारत की ओर रवाना हो चुका है।
इधर, क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने रविवार को इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। बताया जा रहा है कि मिसाइल के टुकड़े गिरने से उस इमारत को नुकसान पहुंचा है जहां अमेरिकी राजनयिक काम करते हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह घटना इजराइल के किस शहर में हुई।
गौरतलब है कि इजराइल में अमेरिका का दूतावास यरुशलम में स्थित है, जबकि तेल अवीव में भी उसका एक प्रमुख कार्यालय है। लगातार बढ़ते तनाव के चलते खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।
ईरान बोला- सुप्रीम लीडर मुजतबा पूरी तरह ठीक
ईरान ने कहा है कि देश के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें कोई चोट नहीं लगी है। इससे पहले ब्रिटिश मीडिया द सन ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि मुजतबा 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल के हमले में घायल हो गए थे। इसके बाद से वे कोमा में हैं और उनका एक पैर भी काटना पड़ा है।




