निरंतर मजबूत हो रही है भारत और भूटान की साझेदारी : Jaishankar

नयी दिल्ली : विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर ने भारत की यात्रा पर आये भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे के साथ शुक्रवार को यहां भेंट की और कहा कि दोनों देशों की साझेदारी निरंतर मजबूत हो रही है। श्री तोबगे अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि राममंदिर में दर्शन के बाद शाम को यहां पहुंचे थे। डा. जयशंकर ने उनके साथ मुलाकात के बाद कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी समय की कसौटी पर परखी हुई है और यह निरंतर मजबूत हो रही है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा , “ आज शाम भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे से मिलकर प्रसन्नता हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की। हमारी अनूठी और समय-परीक्षित साझेदारी निरंतर मज़बूत होती जा रही है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद।”

उल्लेखनीय है कि श्री तोबगे भूटान के जे खेंपो, मुख्य मठाधीश ट्रुलकु जिग्मे चोएद्रा के साथ बुधवार को चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर बिहार के गयाजी पहुंचे थे। गुरुवार को उन्होंने राजगीर में शाही भूटान मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया। भूटान के प्रधानमंत्री के साथ उनकी पत्नी ओम ताशी डोमा भी आई हैं। राजगीर स्थित शाही भूटान मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा भारत और भूटान के बीच बौद्ध धर्म की साझा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस मंदिर के लिए भूमि बिहार सरकार द्वारा प्रदान की गई है।

परम पावन जे खेंपो और भूटान के प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है जो इस विशेष साझेदारी की एक पहचान है।

Related Articles

Back to top button