आजादी के 75 साल बाद भी पिछड़ा है बिहार, अब इसकी जवाबदेही तय हो: Chirag Paswan

पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज गया जी के गांधी मैदान में आयोजित नव- संकल्प महासभा के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि आजादी के 75 वर्षों के बाद भी बिहार पिछड़ा हुआ है, अब उन लोगों की जवाबदेही तय करनी होगी जिनकी वजह से बिहार विकास से वंचित रहा है। केंद्रीय मंत्री श्री पासवान ने अपने “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” विज़न को दुहराते हुये कहा कि वह एक ऐसी व्यवस्था चाहते हैं जिसमें युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार बिहार में ही मिल सके।

Chirag Paswan

उन्होंने कहा कि जब तक वह ज़िंदा हैं, संविधान को कोई ख़तरा नहीं होगा और यदि अवसर मिला तो बिहार को विकसित राज्य बनाकर दिखायेंग अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर भी हमला बोलते हुये राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस को बिहार के पिछड़ेपन और पलायन के लिये जिम्मेदार ठहराया। केंद्रीय मंत्री श्री पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी का एम- वाई समीकरण महिला और युवा का है, न कि जाति और धर्म पर आधारित है।

श्री पासवान ने कहा कि मुझे कमजोर करने के लिये साजिशें हो रही हैं, बम से उड़ाने की धमकियां दी जा रही है, लेकिन चिराग पासवान न डरता है और न ही झुकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच साल बिहार के भविष्य के लिये बेहद महत्वपूर्ण है और अब समय आ गया है कि जनता बदलाव का फैसला ले। जनसभा के दौरान उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के तैलचित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अरुण भारती, राजू तिवारी, शांभवी चौधरी, दिलीप कुमार सिंह समेत कई जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button