बेटी का रिश्ता टूटने से नाराज हलवाई ने कराई थी वकील की हत्या, शूटरों को दी सुपारी
संभल। 15 दिन पूर्व जिला मुख्यालय के निकट दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर की गई वकील की हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में दो शूटर और एक साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सुपारी लेने वाला मुख्य सरगना अभी भी फरार है। इस प्रकरण में मृतक वकील की बहन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में नामजद पांच में से चार को पुलिस ने क्लीन चिट दे दी है।
यह है पूरा मामला
बहजोई के ही फाटक पार रहने वाले वकील सत्यपाल सिंह पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर हमला किया था, जब वकील अपने पैतृक गांव कनेटा से दूध लेकर स्कूटी से सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। इसके बाद घायल वकील की मौत हो गई थी। इस प्रकरण में कुल पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। हत्याकांड के पर्दाफाश करने के लिए एसओजी और सर्विलांस के अलावा पांच टीमों को लगाया गया था।




