
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने विंटर एक्शन प्लान को लेकर मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पर्यावरण विभाग , डीपीसीसी , एमसीडी , एनडीएमसी , डीडीए , राजस्व विभाग , जल बोर्ड , विकास विभाग, दिल्ली पुलिस, डीटीसी, आई एंड एफसी , पीडब्लूडी , आदि विभागों के अधिकारी शामिल रहे। बैठक के दौरान पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विंटर एक्शन प्लान के 21 बिन्दुओ पर चर्चा की। बैठक में ग्रेप के कार्यान्वयन को लेकर भी विभागों को निर्देश दिए गए। गोपाल राय ने आज बताया कि विंटर एक्शन प्लान के तहत सरकार 6 नवंबर से एक महीने के लिए दिल्ली में एंटी ओपन बर्निंग अभियान शुरू करने जा रही है | इस अभियान के तहत सम्बंधित विभागों की 588 पेट्रोलिंग टीम तैनात की जाएँगी। सरकारी विभागों ,आरडब्ल्यूए और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया गया है कि रात की ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को हीटर उपलब्ध करवाएं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि ठंड बढ़ने तथा हवा की गति कम होने के कारण दिल्ली और पास के राज्यों में ए.क्यू.आई. 300 से 400 के बीच में रहा है। वैज्ञानिकों की राय के अनुसार तेजी से तापमान कम हो रहा है और हवा की गति भी काफी कम है। आने वाले 10 दिन दिल्ली के लिए भारी रहने वाले है। इसीलिए प्रदूषण के खिलाफ सभी संबंधित विभागों द्वारा किये गए कार्यों को लेकर आज दिल्ली सचिवालय में समीक्षा बैठक बुलाई गयी । बैठक में विंटर एक्शन प्लान की घोषणा के बाद विभागों द्वारा अभी तक किये गए कार्यों की समीक्षा की गयी और आगे की तैयारी पर चर्चा की गयी। विंटर में खुले में आग जलाने से भी प्रदूषण बढ़ता है इसीलिए सरकार 6 नवंबर से एक महीने के लिए दिल्ली में एंटी ओपन बर्निंग अभियान शुरू करने जा रही है | इस अभियान के तहत सम्बंधित विभागों की 588 पेट्रोलिंग टीम तैनात की जाएँगी |यह सभी टीमें 24 घंटे दिल्ली में ओपन बर्निंग की घटनाओ की निगरानी और उसे रोकने का काम करेंगी।