Noida: नोएडा में एलिवेटेड रोड पर पुलिस अधिकारियों की कारें टकराई, एसीपी चोटिल
Police officers' cars collided on elevated road in Noida, ACP injured
नोएडा के एलिवेटेड रोड पर पुलिस अधिकारियों की कारें आपस में टकरा गईं। हादसा सामने चल रही एक कार के अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। इस हादसे में नोएडा जोन की एसीपी थर्ड घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को नोएडा के थाना सेक्टर-58 और थाना फेज-वन क्षेत्र में पिंक बूथ का उद्घाटन कार्यक्रम था। जहां थाना सेक्टर-58 के सेक्टर-62 में पिंक बूथ का उद्घाटन करने के बाद पुलिस कमिश्नर दूसरे पिंक बूथ फेज-वन थाना क्षेत्र के लिए रवाना हुईं। उनके पीछे काफिले में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिव हरि मीना, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय बबलू कुमार, डीसीपी ट्रैफिक, डीसीपी नोएडा जोन, एसीपी थर्ड ट्विंकल जैन समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी निकले। वहीं, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था, डीसीपी नोएडा जोन की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। मौके पर पीछे से आ रहे यातायात विभाग के कर्मियों ने सड़क को सामान्य कराया।




