Iran’s Supreme Leader: इस्लामी देशों का दुश्मन एक, सबको साथ आने की जरूरत
Islamic countries have one enemy, everyone needs to come together
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इस सप्ताह की शुरुआत में इजरायल पर तेहरान के हमले की प्रशंसा की और इसे “पूरी तरह से कानूनी और वैध कृत्य” बताया। उन्होंने कहा कि ईरान समेत सभी इस्लामिक देशों का दुश्मन एक है और सभी को एक साथ आने की जरूरत है। खामेनेई ने तेहरान की ग्रैंड मोसल्ला मस्जिद से जुमे की नमाज अदा करते हुए लोगों को संबोधित किया। उन्हें सुनने के लिए हजारों लोग जमा हुए थे। इस दौरान राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन भी मौजूद थे। सर्वोच्च नेता के भाषण का एक हिस्सा अरबी भाषा में था जिसमें पूरे इस्लामिक जगत, “खासकर लेबनान और फिलिस्तीन” के लिए संदेश था। भारी भीड़ को संबोधित करते हुए ईरानी सर्वोच्च नेता ने कहा, “दो या तीन रात पहले हमारे सशस्त्र बलों का शानदार काम पूरी तरह से कानूनी और वैध था।” खामेनेई ने कहा, “ईरान का दुश्मन फिलिस्तीन, लेबनान, सीरिया, मिस्र, यमन और इराक का भी दुश्मन है। दुश्मन एक ही है और हर जगह एक खास तरीके से काम करता है।” सर्वोच्च नेता ने कहा कि उनका मानना है कि शुक्रवार की नमाज के दौरान ‘भाई’ नसरल्लाह का सम्मान करना महत्वपूर्ण है क्योंकि वह इस्लामी दुनिया में एक ‘प्रशंसित व्यक्तित्व’ और लेबनान के ‘चमकते रत्न’ थे।
खामेनेई ने कहा, “सैय्यद हसन नसरल्लाह ने सच्चाई के लिए लड़ने वालों को आत्मविश्वास और साहस दिया। उनकी लोकप्रियता और प्रभाव लेबनान, ईरान, अरब देशों से परे तक फैला हुआ था और अब उनकी शहादत उनके प्रभाव को और भी बढ़ाएगी।” 27 सितंबर को, बेरूत के दक्षिणी उपनगर में एक इजरायली हवाई हमले में हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह और उनके कई सहयोगी मारे गए ईरानी सर्वोच्च नेता ने ‘हिजबुल्लाह के उत्साही युवाओं’ से ‘शहीद’ नसरल्लाह की इच्छाओं को पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमें अफगानिस्तान से लेकर यमन तक, ईरान से लेकर गाजा और लेबनान तक सभी इस्लामी देशों को रक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान के धागे से बांधना चाहिए। आज, मेरे अधिकांश शब्द मेरे लेबनानी और फिलिस्तीनी भाइयों को संबोधित हैं।” बुधवार को ईरान के सर्वोच्च नेता ने कहा था कि पश्चिम एशिया में समस्याओं का मूल कारण इस क्षेत्र में अमेरिका और कुछ यूरोपीय देशों की मौजूदगी है।




