Politics: राहुल गांधी पर बयानों को लेकर कांग्रेस आज कराएगी मामला दर्ज
Congress will file case today over statements on Rahul Gandhi
भोपाल, 17 सितम्बर (वेब वार्ता)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज प्रदेश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एवं अन्य भाजपा नेताओं द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की अपील की है। श्री पटवारी ने कल देर रात एक्स पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे एवं संरक्षण में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एवं उत्तर प्रदेश के मंत्री रघुराज सिंह जैसे भाजपा नेताओं द्वारा जननायक राहुल गांधी जी पर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों को देश बर्दाश्त नहीं करेगा।

जिनके पिता राजीव गांधी जी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी! जिनकी दादी इंदिरा गांधी जी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी! जिनकी रगों में देशभक्ति खून की तरह बहती है! देश का ऐसा वीर सपूत जो देश को तोड़ने के लिए नहीं, बल्कि जोड़ने के लिए भ्रमण करता है! ऐसे व्यक्तित्व पर टिप्पणी करना भाजपा के गिरते स्तर का प्रमाण है! उन्होंने कहा कि वे प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध कर रहे हैं कि वे 17 सितम्बर को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर आपत्तिजनक बयानों के लिए तहसील स्तर पर एफआईआर दर्ज कराएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह भोपाल में भाजपा नेताओं के आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ मामला भी दर्ज कराएंगे।




