रेकी कर पाकिस्तान भेजे वीडियो, ISI के इशारे पर दिल्ली समेत NCR में थी हमले की साजिश; 7 आतंकी गिरफ्तार
नई दिल्ली। गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर द्वारा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल का दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भंडाफोड़ कर गिरोह के सात आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आतंकी फरार है।
यह सिंडिकेट पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते दिल्ली समेत एनसीआर में अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था।

स्लीपर मॉड्यूल के जरिये कर रहे काम
स्पेशल सेल के उपायुक्त नारा चैतन्य के अनुसार, पुलिस टीम उन आतंकी नेटवर्क की गतिविधियों पर नजर रख रही है, जो देश में स्लीपर मॉड्यूल के जरिये काम कर रहे हैं। अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान मिली सूचनाओं से पता चला कि संगठित आतंकी इकोसिस्टम तेजी से उभर रहा है, जिसे पाकिस्तान में रहने वाला गैंगस्टर से आतंकी बना शहजाद भट्टी संचालित कर रहा है।




