बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा राजनयिक कदम, 12 देशों के प्रतिनिधियों को दी पार्टी की जानकारी

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में 12 देशों के प्रतिनिधियों की मेजबानी की और उनके साथ सार्थक बातचीत की। यह मुलाकात “भाजपा को जानें” पहल के तहत हुई।

भाजपा के बयान के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का विदेशी राजनयिकों के साथ इस तरह का यह पहला संवाद कार्यक्रम है।

इस संवाद में ब्राजील, जर्मनी, इंडोनेशिया, मलेशिया, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, सेशल्स, श्रीलंका, थाईलैंड और वियतनाम के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान नितिन नवीन ने इन प्रतिनिधियों को भाजपा के दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने की यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्हें भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, शासन मॉडल और पार्टी की विभिन्न गतिविधियों से परिचय कराया।

इस बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। “भाजपा को जानें” पहल की शुरुआत 2023 में भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी।

“पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल से देश का आत्मविश्वास लौटा”
प्रेट्र के अनुसार, प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष मंगलवार को पूरे हो गए। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि 26 मई, 2014 को शुरू हुआ दौर केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि देश के आत्मविश्वास की वापसी और सांस्कृतिक पुनर्जाकरण का ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में यह बात कही है।

 

Related Articles

Back to top button