RCB ने रिकॉर्ड्स बुक को किया तितर-बितर, बना डाला IPL प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
नई दिल्ली। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मंगलवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 254 रन बनाकर आईपीएल के प्लेऑफ इतिहास में एक अविश्वसनीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
आरसीबी ने मंगलवार को धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए।
आरसीबी ने इस तरह आईपीएल के प्लेऑफ इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2023 में अहमदाबाद में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में 233/3 का स्कोर बनाया था।
रजत की तूफानी पारी
आरसीबी को हिमायलीन स्कोर तक पहुंचाने में कप्तान रजत पाटीदार ने अहम भूमिका निभाई। पाटीदार ने केवल 33 गेंदों में पांच चौके और 9 छक्के की मदद से नाबाद 93 रन बनाए। उनके सामने गुजरात के किसी गेंदबाज की एक नहीं चली।





