‘डबल इंजन’ की शक्ति: मुकरबा चौक पर जाम कम करने के लिए हैदरपुर बादली आरओबी चौड़ीकरण को रेलवे की मंजूरी
नई दिल्ली – दिल्ली सरकार को उत्तर-पश्चिम दिल्ली की दो महत्वपूर्ण यातायात परियोजनाओं पर बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि रेलवे ने मुकरबा चौक पर यातायात दबाव कम करने के लिए हैदरपुर बादली स्थित आउटर रिंग रोड पर मौजूदा रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के चौड़ीकरण को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके अलावा शालीमार बाग से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर तक रेलवे ट्रैक को पार करने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड लूप भी रेलवे ने स्वीकार कर लिया है। इन परियोजनाओं को लेकर दिल्ली सरकार और उत्तरी रेलवे के बीच विस्तृत तकनीकी परीक्षण एवं पत्राचार के बाद यह स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी व केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और कहा है कि ऐसी परियोजनाओं से राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने का मार्ग और प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के ये दोनों क्षेत्र लंबे समय से भारी यातायात दबाव से प्रभावित रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री एवं मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दोनों प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर रेलवे पीडब्ल्यूडी ने आवश्यक ड्रॉइंग और तकनीकी प्रस्ताव रेलवे को भेजे थे। परीक्षण के बाद रेलवे ने दोनों परियोजनाओं को व्यवहारिक मानते हुए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) की स्वीकृति से सैद्धांतिक NOC जारी की है। रेलवे ने निर्माण कार्य को निर्धारित सुरक्षा मानकों और तकनीकी निगरानी के अनुरूप संचालित करने की शर्त भी रखी है, ताकि भविष्य में रेल संचालन और यातायात व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रमुख जाम बिंदुओं की पहचान कर वहां स्थायी समाधान विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुकरबा चौक, आउटर रिंग रोड और संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में शामिल हैं। ऐसे में इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा समय कम होगा और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से ही दिल्ली में आधारभूत संरचना और यातायात सुधार से जुड़ी परियोजनाओं को तेज गति मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित दिल्ली’ के विजन के अनुरूप राजधानी में आधुनिक, सुगम और भविष्य उन्मुख परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी और जाम मुक्त आवागमन की सुविधा सुनिश्चित हो सके।




