ब्रह्मोस से लैस और स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरी’ नौसेना में शामिल, भारत की समुद्र में बढ़ी ताकत
नई दिल्ली। स्वदेशी स्टेल्थ फ्रिगेट महेंद्रगिरी को भारतीय नौसेना को सौंपा गया है। नीलगिरी-क्लास (प्रोजेक्ट 17ए) का यह छठा खुफिया युद्धपोत 30 अप्रैल को मझगांव डाक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएसएल), मुंबई में सौंपा गया।

यह ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल, अत्याधुनिक सोनार और स्टील्थ तकनीक से लैस है, जो दुश्मन के रडार को चकमा दे सकता है। अधिकारियों के अनुसार, यह डिलीवरी युद्धपोत डिजाइन और निर्माण में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने में एक ‘महत्वपूर्ण मील का पत्थर’ है।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा,”प्रोजेक्ट 17ए फ्रिगेट बहुउपयोगी मिशन प्लेटफार्म है, जिन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान और उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह अत्याधुनिक फ्रिगेट नौसेना के डिजाइन, स्टेल्थ, अग्निशक्ति, स्वचालन और जीवित रहने की क्षमता में गुणात्मक छलांग को दर्शाता है और युद्धपोत निर्माण में आत्मनिर्भरता का प्रशंसनीय प्रतीक है।”




